जब रोहित शर्मा ने IPL 2009 में ली थी हैट-ट्रिक, मुंबई इंडियंस के खिलाफ किया था कमाल
रोहित शर्मा ने आईपीएल 2009 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ ली थी हैट-ट्रिक (Pic: Twitter)
क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन ओपनरों में शुमार रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी छाप छोड़ने में बिल्कुल भी देर नहीं लगाई।
उन्हें आईपीएल के पहले सीजन (IPL 2008) में डेक्कन चार्जर्स ( Deccan Chargers ) ने 750000 डॉलर में खरीदा था, जिसमें उन्होंने 147.98 के स्ट्राइक रेट से 404 रन बनाए थे।
रोहित अगले साल अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं सके-उन्होंने 114.92 के स्ट्राइक रेट से 362 रन बनाए, लेकिन सीजन में 11 विकेट लेते हुए गेंदबाजी में अपनी छाप छोड़ दी।
रोहित ने 2009 आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ ली थी हैट-ट्रिक
उस सीजन (IPL 2009) का सबसे यादगार पल तब आया जब रोहित ने मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के खिलाफ हैट-ट्रिक ली, ये वही टीम थी जिसकी भविष्य में कप्तानी करते हुए रोहित ने उसे चार खिताब जिताए।
आखिरी पांच ओवरों में जब 46 रन की जरूरत थी तो डेक्कन के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने पार्ट टाइम गेंदबाज रोहित शर्मा को गेंद थमाई, जिन्होंने 16वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर अभिषेक नायर और हरभजन सिंह को आउट कर दिया।
रोहित ने अगले ओवर की पहली गेंद पर 48 गेंदों में 52 रन बनाने वाले जेपी डुमिनी को आउट कर अपनी हैट-ट्रिक पूरी कर ली। इसके बाद उन्होंने सौरभ तिवारी को आउट करते हुए मुंबई इंडियंस की जीत की उम्मीदें खत्म कर दीं।
रोहित ने उस मैच में 2 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट झटके। उस मैच में 38 रन बनाने और 4 विकेट लेने के प्रदर्शन की वजह से रोहित मैन ऑफ मैच रहे।
डेक्कन चार्जर्स ने उस साल आईपीएल का खिताब फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराकर जीता। युवा रोहित शर्मा को एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया।
मुंबई इंडियंस ने रोहित को 2011 आईपीएल नीलामी में खरीदा था
रोहित को 2011 आईपीएल नीलामी में जबर्दस्त फायदा हुआ जब उन्हें मुंबई इंडियंस ने 20 लाख डॉलर में खरीदा। इसके बाद से रोहित मुंबई के साथ नौ आईपीएल सीजन खेल चुके हैं।
अब तक सर्वाधिक चार बार आईपीएल खिताब जीतने वाले रोहित 2013 में मुंबई इंडियंस के कप्तान बने थे।
इसके बाद से वह मुंबई को हर दूसरे साल खिताब जिताते रहे हैं। रोहित को मुंबई ने 2014 और 2018 की नीलामी में रिटेन किया और पूरी उम्मीद है कि अब वह हमेशा मुंबई इंडियंस के साथ ही बने रहेंगे।
