क्या है विराट-अनुष्का के बेटे के नाम ‘अकाय’ का मतलब, जानिए
विराट कोहली-अनुष्का शर्मा ने अपने दूसरे बच्चे और बेटे का नाम अकाय रखा है, जानें क्या होता है अकाय नाम का अर्थ (Meaning of Akaay)
विराट और अनुष्का अपनी बेटी वामिका के साथ। दोनों के बेटे अकाय का जन्म 15 फरवरी 2024 को हुआ।
What’s the Meaning of Akaay: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा ने मंगलवार (20 फरवरी) को अपने बेटे ‘अकाय’ के जन्म लेने की जानकारी दी। इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से निजी कारणों की वजह से हटने वाले विराट ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को अपने दूसरे बच्चे और बेटे अकाय के जन्म की जानकारी दी।
अकाय के जन्म की खबर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए विराट ने लिखा, ”जबर्दस्त खुशी और हमारे दिलों में प्यार के साथ, हमें सभी को ये बताते हुए खुशी हो रही है कि 15 फरवरी को, हमने अपने बेटे अकाय और वामिका के छोटे भाई का इस दुनिया में स्वागत किया!”
विराट ने आगे लिखा, ”हम अपने जीवन के इस खूबसूरत समय में आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं। हम आपसे निवेदन करते हैं कि इस समय आप कृपया हमारी निजता का सम्मान करें। विराट और अनुष्का।”
क्या है विराट-अनुष्का के बेटे ‘अकाय’ के नाम का मतलब? (What is the Meaning of Akaay))
‘अकाय’ का संस्कृत में अर्थ होता है, जिसका कोई आकार ना हो यानी ‘निराकार’ और ‘अमर’ होता है। सनातम धर्म में भगवान शिव को निराकार माना जाता है। माना जा रहा है कि विराट-अनुष्का ने अपने बेटे का नाम भगवान शिव के नाम पर ही अकाय रखा है।
वहीं तुर्की भाषा में ‘अकाय’ शब्द का मतलब ‘चमकता हुआ चांद’ भी होता है।
हालांकि अभी विराट और अनुष्का ने ये नहीं बताया है कि उन्होंने किसके नाम पर अपने बेटे का नाम अकाय रखा है।
अनुष्का और विराट, जिन्हें फैंस प्यार से ‘विरुष्का’ भी कहते हैं, ने दिसंबर 2017 में इटली में शादी की थी। अनुष्का और विराट की बेटी वामिका का जन्म 11 जनवरी 2021 को हुआ था।
लेकिन कोहली-अनुष्का ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर हमेशा चुप्पी साधे रखी। लेकिन हाल ही में साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर खुलासा किया था कि कोहली और अनुष्का अपने दूसरे बच्चे के जन्म का इंतजार कर रहे हैं।
डिविलियर्स ने अपने अगले वीडियो में कोहली से माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिछले वीडियो में बड़ी भूल कर दी थी।
डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था, “मेरे दोस्त विराट कोहली अभी भी उपलब्ध नहीं हैं। मैं सभी से विनती करता हूं कि उन्हें वह प्राइवेसी दी जाए जिसके वह हकदार हैं। परिवार पहले आता है। कोई नहीं जानता कि वास्तव में क्या चल रहा है। मैं हम सभी से इसका सम्मान करने के लिए कह रहा हूं। मैंने अपने पिछले शो में एक बड़ी गलती की थी और मैं इसके लिए कोहली परिवार से माफी मांगता हूं।”
