वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान पर एक विकेट से हासिल की टेस्ट जीत, 21 साल बाद दोहराया करिश्मा
वेस्टइंडीज ने किंग्सटन टेस्ट में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर दोहराया 21 साल पुराना कारनामा (तस्वीर साभार: NDTV)
वेस्टइंडीज ने दमदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को किंग्सटन के सबीना पार्क में खेले गए पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरी पारी में 203 रन के स्कोर पर सिमटने के बाद 168 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने शाहीन अफरीदी (50/4) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत एक समय टी तक वेस्टइंडीज के 114 रन पर ही 7 विकेट गिरा दिए थे।
वेस्टइंडीज ने 21 साल दोहराया एक विकेट से टेस्ट जीत का कारनामा
उस समय केवल विकेटकीपर बल्लेबाज जोशुआ दा सिल्वा और टेलएंडर ही बचे थे। लेकिन विंडीज टीम ने 2000 में एंटीगुआ में खेले गए टेस्ट मैच की यादें ताजा करते हुए मैच एक विकेट से अपने नाम कर लिया। विंडीज पारी के अंत के ओवरों में पाकिस्तानी टीम की गेंदबाजी में अनुशासन की कमी उसे भारी पड़ी।
पाकिस्तानी टीम ने तीन कैच छोड़ते हुए केमार रोच (Kemar Roach) और आखिरी बल्लेबाज जायडेन सील्स (Jayden Seales) को दसवें विकेट के लिए 17 रन की साझेदारी करते हुए अपनी टीम को एक विकेट से रोमांचक जीत दिलाने का मौका दे दिया।
जायडेन सील्स ने 8 विकेट झटक जीता मैन ऑफ मैच
दो बार जीवनदान पाने वाले केमार रोच ने हसन अली की गेंद पर विजयी रन बनाया, वह 30 रन बनाकर नाबाद रहे। मैच में 125 रन देकर 8 और दूसरी पारी में 55 रन देकर 5 विकेट लेने वाले सील्स को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
अगले महीने 20 साल के होने जा रहे तेज गेंदबाज के लिए पारी में पांच विकेट लेना ऐतिहासिक उपलब्धि रही। जब उन्होंने पाकिस्तान की दूसरी पारी के आखिरी तीन विकेट झटके तो इसके साथ ही वह वेस्टइंडीज के लिए टेस्ट पारी में पांच विकेट लेने वाले सबसे युवा गेंदबाज बन गए।
पाकिस्तान ने 35 रन में गंवाए 5 विकेट
मैच के आखिरी दिन पाकिस्तानी टीम ने अपने अंतिम पांच विकेट 35 रन में खो दिए और 203 रन पर सिमट गई। बाबर आजम ने 55 रन की सर्वाधिक पारी खेली जबकि आबिद अली ने 34 और रिजवान ने 30 रन बनाए।
168 रन के लक्ष्य के जवाब में शाहीन अफरीदी ने वेस्टइंडीज का टॉप आर्डर ढहाते हुए उसके 3 विकेट 16 रन में गिरा दिए। लेकिन रोस्टन चेज (22) और जर्मेन ब्लैकवुड (55) ने चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़ते हुए विंडीज पारी को संभाला।
लेकिन चेज के आउट होते हुए विकेटों की झड़ी लग गई और 114 रन तक 7 विकेट गिर गए। लेकिन केमार रोच ने 30 रन की नाबाद पारी खेलते हुए वेस्टइंडीज को एक विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।
पाकिस्तान ने पहली पारी में 217 रन बनाए थे, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 253 रन बनाते हुए 36 रन की बढ़त हासिल की थी।
