WI vs AUS: क्रिस गेल ने 67 रन ठोक वेस्टइंडीज को जिताई टी20 सीरीज, बने 14000 टी20 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज

क्रिस गेल की तूफानी पारी से वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीती टी20 सीरीज, 14 हजार टी20 रन पूरे कर गेल ने रचा नया इतिहास

गेल वेस्टइंडीज vs ऑस्ट्रेलिया

क्रिस गेल बने 14 हजार टी20 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज (तस्वीर साभार: The Guardian)

क्रिस गेल (Chris Gayle) की दमदार बैटिंग की मदद से वेस्टइंडीज ने सोमवार (12 जुलाई) को खेले गए तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से जीत ली।

ये ऑस्ट्रेलिया की लगातार चौथी टी20 सीरीज हार है। गेल की 38 गेंदों में 7 छक्कों से सजी 67 रन की तूफानी पारी की मदद से वेस्टइंडीज ने 142 रन का लक्ष्य 14.5 ओवरों में ही चार विकेट खोकर हासिल कर लिया।

क्रिस गेल बने 14 हजार टी20 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज (Chris Gayle 14000 T20 runs)

38 गेंदों में 67 रन की शानदार पारी खेलने वाले क्रिस गेल 14,000 टी20 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए। 41 वर्षीय बल्लेबाज का ये 2016 के बाद से सर्वोच्च टी20 इंटरनेशल स्कोर है। इससे पहले गेल ने टी20 इंटरनेशनल में आखिरी बार पचास का आंकड़ा मार्च 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 100 रन की पारी के साथ पार किया था।

अपने पिछले पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 41 रन बना पाने वाले गेल मिशेल स्टार्क की पहली तीन गेंदों पर कोई रन नहीं बना सके। लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाज ने जोश हेजलवुड की अगली लगातार चार गेंदों पर 18 रन ठोक दिए, इनमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था।

क्रिस गेल ने ठोके 38 गेंदों में 67 रन, जड़े 7 छक्के

गेल ने 11वें ओवर में लेग स्पिनर एडम जम्पा के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़ते हुए न केवल इस ओवर में 22 रन ठोके बल्कि लगातार तीसरा छक्का जड़ते हुए अपना अर्धशतक भी पूरा किया। गेल 38 गेंदों में 67 रन बनाकर रिले मेरेडिथ की गेंद पर आउट हुए।

जहां क्रिस गेल ने अकेले ही सात छक्के लगाए तो वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पूरी पारी में केवल दो छक्के ही लगा सकी और पहले दो मैचों में 140 और 127 पर सिमटने के बाद इस मैच में भी 20 ओवरों में 6 विकेट पर 141 रन ही बना सकी।

रन बनाने के लिए जूझती रही ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग

पहले दो मैचों में टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बैटिंग के लिए बुलाने वाले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच ने इस मैच में पहले बैटिंग का फैसला किया। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने 141/6 के कुल स्कोर में महज 11 चौके और दो छक्के ही जड़ पाई।

ऑस्ट्रेलियाई टीम को विंडीज स्पिन जोड़ी फैबियन एलन (4 ओवर में 26/1) और हेडेन वॉल्श (4 ओवर में 18/2), और अनुभवी मीडियम पेसर ड्वेन ब्रावो (3 ओवर में 17/1) के आगे रन बनाने के लिए जूझना पड़ा।

मोइजेज हेनरिक्स (29 गेंदों में 33 रन) और एश्टन टर्नर (22 गेंदों में 24 नाबाद) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई 59 रन की साझेदारी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए स्थिति कुछ हद तक संभाली। ये इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की पहली अर्धशतकीय साझेदारी है।

ऑस्ट्रेलिया नहीं उठा पाया अच्छी ओपनिंग का फायदा

ऑस्ट्रेलिया ने पहले पांच ओवरों में 41 रन की ओपनिंग साझेदारी का फायदा नहीं उठाया। मैथ्यू वेड (16 गेंदों में 23 रन) ने पहली 10 गेंदों में कवर ड्राइव और पुल शॉट से चार बाउंड्री लगाईं, हालांकि इसके बाद वह ओबेड मैकॉय की गेंद पर बोल्ड हो गए।

पहले दो मैचों में दहाई का आंकड़ा ने छू पाने वाले फिंच (31 गेंदों में 30) को अच्छी शुरुआत मिली लेकिन उन्हें लय हासिल करने के लिए जूझना पड़ा, और वह केवल दो बाउंड्री ही लगा सेक। पिछले दो मैचों में हाफ सेंचुरी लगाने वाले मिशेल मार्श नौ रन बनाकर बाएं हाथ के स्पिनर एलन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।

ऑस्ट्रेलिया ने पहले 11 ओवरों में केवल दो ही विकेट गंवाए, लेकिन 12वें ओवर में उसे दो झटके लगे और ये दोनों ही विकेट लेग स्पिनर वॉल्श ने लिए। केरी 13 रन बनाकर एक्स्ट्रा कवर पर कैच आउट हुए तो वहीं फिंच के रूप में पांचवा विकेट गिरा, जो ड्वेन ब्रावो और लिंडेल सिमंस की शानदार जुगलबंदी से कैच आउट हुए।

वेस्टइंडीज ने पहला टी20 18 रन से और दूसरा टी20 मैच 56 रन से जीता था। सीरीज का चौथा मैच बुधवार को खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *