एशेज 2019: स्टीव स्मिथ ने तोड़ा सचिन, कोहली का रिकॉर्ड, इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को संकट से उबारा
स्टीव स्मिथ ने जड़ा अपना 24वां टेस्ट शतक (Pic Credit: ICC)
स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने अपना 24वां टेस्ट शतक जड़ते हुए एजबेस्टन में गुरुवार से शुरू हुए पहले एशेज टेस्ट (Ashes Test) में इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को मुश्किलों से उबारते हुए उसे 284 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।
इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड ने सर्वाधिक 5 विकेट झटके जबकि क्रिस वोक्स ने 3 विकेट लिए। बेन स्टोक्स और मोईन अली ने एक-एक विकेट लिया।
स्टीव स्मिथ ने जोरदार शतक जड़ा, ऑस्ट्रेलिया को संकट से निकाला
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एक समय अपने 8 विकेट 122 के स्कोर पर गंवा दिए थे।
लेकिन इसके बाद बॉल टैम्परिंग बैन की वजह से करीब 16 महीने बाद वापसी करने वाले स्टीव स्मिथ ने यादगार शतक जड़ा।
उन्होने 219 गेंदों में 16 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 144 रन की जोरदार पारी खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को संकट से निकालते हुए उसे 284 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
स्मिथ ने आखिरी दो विकेटों के लिए 162 रन जोड़े।
उन्होंने नौवें विकेट के लिए पीटर सिडल (44) के साथ 88 रन की और आखिरी विकेट के लिए नाथन लायन (12) के साथ 74 रन की महत्वपूर्ण साझेदारियां कीं।
स्मिथ ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
अपनी इस जोरदार शतकीय पारी के दौरान स्टीव स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 24 शतक लगाने वाले सर डॉन ब्रैडमैन के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए।
स्मिथ ने ये उपलब्धि 118वीं पारी में हासिल किया, जबकि ब्रैडमैन ने 66 पारियों में ये कमाल किया था।
स्मिथ ने इसके साथ ही सबसे तेज 24 टेस्ट शतक लगाने के मामले में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ा दिया।
सबसे तेज 24 टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज
66 पारियां – डॉन ब्रैडमैन
118 – स्टीव स्मिथ
123 – विराट कोहली
125 – सचिन तेंदुलकर
128 – सुनील गावस्कर
