IPL 2020, SRH vs DC: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 88 रन से हराया, जिंदा रखीं प्लेऑफ की उम्मीदें
डेविड वॉर्नर और रिद्धिमान साहा ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेली तूफानी अर्धशतकीय पारियां (Pic Credit: IPL/BCCI)
बर्थडे बॉय और कप्तान डेविड वॉर्नर की तूफानी पारी और रिद्धिमान साहा के दमदार अर्धशतक की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2020 के 47वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को 88 रन से रौंद दिया। वॉर्नर ने 34 गेंदों में 66 और साहा ने महज 45 गेंदों में 87 रन की जोरदार पारी खेलते हुए हैदराबाद की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टॉस हारकर पहले बैटिंग के लिए उतरी सनराइजर्स की टीम को वॉर्नर और साहा ने पहले विकेट के लिए 9.4 ओवरों में ही 107 रन जोड़ते हुए तूफानी शुरुआत दिलाई। सनराइर्ज के ओपनरों ने बैटिंग के लिए अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए तेजी से रन बटोरे।
डेविड वॉर्नर-रिद्धिमान साहा ने हैदराबाद के लिए खेली तूफानी पारियां
उनकी जोरदार बैटिंग का आलम ये था कि इन दोनों ने पावरप्ले में 77 रन ठोक दिए। इन दोनों ने दिल्ली के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला, वॉर्नर ने पर्पल कैप होल्डर कगीसो रबादा के एक ही ओवर में 22 रन ठोकते हुए महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि साहा ने 27 गेंदों में अपना सातवां आईपीएल अर्धशतक ठोका।
Saha joins the party. Brings up a well made half-century off 27 deliveries. His 7th in IPL.
Live – https://t.co/RrbuyreAcF #Dream11IPL pic.twitter.com/gcHESDwYDh
— IndianPremierLeague (@IPL) October 27, 2020
फील्डिंग प्रतिबंध हटने के बाद भी इन दोनों का बल्ला खामोश नहीं हुआ। 107 रन के स्कोर पर रविचंद्रन अश्विन ने वॉर्नर को आउट करके इस जोड़ी को तोड़ा। वॉर्नर 34 गेंदों में 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए।
रिद्धिमान साहा-मनीष पांडेय ने की तूफानी साझेदारी
वॉर्नर के आउट होने के बाद साहा और मनीष पांडेय ने पांच ओवर से कम में ही 63 रन ठोक डाले। साहा अपने पहले आईपीएल शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे थे लेकिन 170 के कुल स्कोर पर एनरिक नोर्त्जे की गेंद पर वह 45 गेंदों में 12 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 87 रन बनाकर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट हो गए।
मनीष पांडेय 31 गेंदों में 4 चौकों और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। केन विलियम्सन भी 11 रन के स्कोर पर नाबाद रहे।
दिल्ली के गेंदबाजों ने अंत में जोरदार वापसी की और आखिरी तीन ओवरों में केवल 23 रन देते हुए हैदराबाद को 20 ओवरों में 219/2 के स्कोर पर रोक दिया।
रबादा दिल्ली के गेंदबाजों में सबसे महंगे साबित हुए अपने 4 ओवरों में 54 रन दे डाले। ये दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज पिछले 22 आईपीएल मैचों में पहली बार कोई विकेट नहीं ले पाया।
A look at the Points Table after Match 47 of #Dream11IPL pic.twitter.com/pek8iInYpw
— IndianPremierLeague (@IPL) October 27, 2020
नहीं चली दिल्ली की बैटिंग, पंत ने बनाए सर्वाधिक 36 रन
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत खराब रही और शिखर धवन बिना खाता खोले ही पहले ही ओवर में आउट हो गए। मार्कस स्टोइनिस भी सस्ते में चलते बने।
भारत की ऑस्ट्रेलिया दौरे की सीमित ओवरों की टीम से बाहर हुए ऋषभ पंत ने टिकने की कोशिश की लेकिन 35 गेंदों में 3 चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन बनाकर संदीप शर्मा का शिकार बन गए।
पंत के अलावा दिल्ली के लिए रहाणे (26 रन) और तुषार देशपांडेय (20) ही थोड़ा संघर्ष कर सके, लेकिन दिल्ली के लिए ये स्कोर नाकाफी साबित हुए और उसकी पूरी टीम 19 ओवर में ही 131 रन बनाकर सिमट गई और दिल्ली को 88 रन से करारी शिकस्त मिली।
हैदराबाद के लिए राशिद खान ने सर्वाधिक 3 और टी नटराजन और संदीप शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
इस हार से दिल्ली के नेट रनरेट को करार झटका लगा और वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई जबकि आरसीबी की टीम मैदान में उतरे बिना ही दूसरे स्थान पर आ गई। वहीं इस जीत के बाद हैदराबाद की टीम छठे स्थान पर पहुंच गई और अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं।
