TikTok पर भारत में लगा बैन, गूगल ने प्ले स्टोर से हटाया, जनवरी में 3 करोड़ बार हुआ था डाउनलोड
सुप्रीम कोर्ट ने दिया मद्रास हाई कोर्ट को 24 अप्रैल तक बैन पर फैसला लेने का निर्देश
गूगल ने तमिलनाडु कोर्ट के आदेश के तहत, बेहद लोकप्रिय वीडियो ऐप टिकटॉक (TikTok) को प्ले स्टोर से हटाते हुए भारत में इसकी पहुंच को ब्लॉक कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक गूगल ने ऐंड्रॉयड और ऐपल ने आईओएस प्लेटफॉर्म से टिक टॉक को हटा दिया है और अब भारत में कोई भी इस ऐप को डाउनलोड नहीं कर पाएगा।
गूगल ने ये कदम तमिलनाडु राज्य के एक कोर्ट द्वारा बाइटडांस द्वारा टिकटॉक पर लगे बैन को निलंबित किए जाने के निवेदन पर इनकार के बाद उठाया है। इससे भारत में इस कंपनी के भविष्य पर संदेह के बादल मंडराने लगे हैं।
टिक टॉक का मालिकाना हक रखने वाली दुनिया की सबसे कीमती स्टार्टअप चीनी कंपनी बाइटडांस लिमिटेड के लिए ये बैन एक बड़ा झटका है, जिससे उसके सबसे बड़े बाजार (भारत) में पैर पसारने की उम्मीदों को झटका लगा है।
मद्रास हाई कोर्ट ने दिया था सबसे पहले टिकटॉक पर बैन का आदेश
मद्रास हाई कोर्ट ने 3 अप्रैल को केंद्र सरकार को दिए आदेश में टिक टॉक पर देश में ‘पोर्नोग्राफी को बढ़ावा’ देने और बच्चों के आसानी से इसकी चपेट में आने की बात कहते हुए बैन लगाने का आदेश दिया था। इसके बाद टिकटॉक ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश पर स्टे लगाने से इनकार करते हुए से फिर से तमिलनाडु की एक कोर्ट में भेज दिया था, जहां मंगलवार (16 अप्रैल) को एक जज ने बैन पर रोक लगाने का निवेदन ठुकरा दिया था।
सूचना प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने कोर्ट के आदेश के बाद गूगल और ऐपल को इस बारे में खत भेजा था।
अब ये ऐप भारत में गूगल के प्ले स्टोर और ऐपल के ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। गूगल ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा है कि वह स्थानीय कानूनों का पालन करता है। वहीं ऐप्पल और बाइटडांस ने भी इस मामले पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
टिकटॉक एक ऐसा ऐप है जो यूजर्स को स्पेशल इफेक्ट्स के साथ शॉर्ट वीडियो बनाने और शेयर करने की सुविधा देता है। ये ऐप पिछले एक साल के दौरान भारत में तेजी से लोकप्रिय हुआ है। हालांकि कुछ राजनेताओं द्वारा इसके कंटेंट को अनुचित बताते हुए इसकी आलोचना भी की गई थी।
ऐप ऐनालिटिक्स फर्म सेंसर टावर ने फरवरी में कहा था, इस ऐप को भारत में 240 मिलियन (24 करोड़) बार डाउनलोड किया गया था। 30 मिलियन (3 करोड़) से ज्यादा यूजर्स ने ये ऐप जनवरी 2019 में डाउनलोड किया था, जो पिछले साल की समान अवधि से 12 गुना ज्यादा है।
