भारत ने जीते हैं कितने अंडर-19 वर्ल्ड कप? अब तक हुए 15 U-19 वर्ल्ड कप विजेताओं की लिस्ट

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप (ICC Under 19 World Cup) का खिताब सर्वाधिक 5 बार भारत ने जीता है, जानें अब तक हुए 15 U19 वर्ल्ड कप विजेताओं की लिस्ट

U19 World Cup winner Team India

विराट कोहली (बीच में) की कप्तानी में टीम इंडिया ने अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।

ICC U19 World Cup Winners List: आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) द्वारा आयोजित किया जाने वाला टूर्नामेंट है, जिसमें राष्ट्रीय अंडर-19 टीमें हिस्सा लेती हैं। पहला अंडर-19 वर्ल्ड कप, यूथ वर्ल्ड कप के रूप में 1988 में आयोजित किया गया था।

इसके बाद अगला अंडर-19 वर्ल्ड कप 10 साल बाद यानी 1998 में आयोजित हुआ। तब से हर साल अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन हर दो साल के अंतराल पर होता है। अब तक अंडर-19 वर्ल्ड कप का 15 बार आयोजन हो चुका है।

पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप में केवल आठ देशों ने हिस्सा लिया था, लेकिन इसके बाद के सभी वर्ल्ड कप में 16 टीमों ने हिस्सा लिया।

पूर्ण सदस्य देशों में भारत ने सर्वाधिक पांच बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब जीता है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने चार बार ये टूर्नामेंट जीता है, पाकिस्तान ने दो बार, और बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज ने एक-एक बार वर्ल्ड कर खिताब जीता है।

ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप: कब कौन बना विजेता (ICC Under 19 World Cup: Who win When)

साल विजेता उपविजेता फाइनल का परिणाम
1988 ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया 5 विकेट से जीता
1998 इंग्लैंड न्यूजीलैंड इंग्लैंड 7 विकेट से जीता
2000 भारत श्रीलंका भारत 6 विकेट से जीता
2002 ऑस्ट्रेलिया साउथ अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया 7 विकेट से जीता
2004 पाकिस्तान वेस्टइंडीज पाकिस्तान 25 रन से जीता
2006 पाकिस्तान भारत पाकिस्तान 38 रन से जीता
2008 भारत साउथ अफ्रीका भारत 12 रन से जीता
2010 ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया 25 रन से जीता
2012 भारत ऑस्ट्रेलिया भारत 6 विकेट से जीता
2014 साउथ अफ्रीका पाकिस्तान साउथ अफ्रीका 6 विकेट से जीता
2016 वेस्टइंडीज भारत वेस्टइंडीज 5 विकेट से जीता
2018 भारत ऑस्ट्रेलिया भारत 8 विकेट से जीता
2020 बांग्लादेश भारत बांग्लादेश 3 विकेट से जीता
2022 भारत इंग्लैंड भारत 4 विकेट से जीता
2024 ऑस्ट्रेलिया भारत ऑस्ट्रेलिया 79 रन से जीता

U-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन (Team India Performance in U19 World Cup)

क्र सं अंडर-19 वर्ल्ड कप भारत का प्रदर्शन
1 1988 भारत छठे स्थान पर रहा
2 1998 भारत सुपर 8 में हारा
3 2000 भारत विजेता बना
4 2002 भारत सेमीफाइनल में हारा
5 2004 भारत ग्रुप चरण में बाहर
6 2006 भारत फाइनल में हारा
7 2008 भारत बना विजेता
8 2010 भारत क्वॉर्टर फाइनल में हारा
9 2012 भारत बना विजेता
10 2014 भारत क्वॉर्टर फाइनल में हारा
11 2016 भारत फाइनल में हारा
12 2018 भारत बना विजेता
13 2020 भारत फाइनल में हारा
14 2022 भारत बना विजेता
15 2024 भारत फाइनल में हारा

अंडर19 वर्ल्ड कप-1988 से 2024 तक के विजेताओं की पूरी डिटेल (U19 World Cup 1988 to 2024 Champions Full Details)

1988 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-ऑस्ट्रेलिया

सबसे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन 1988 में साउथ ऑस्ट्रेलिया और विक्टोरिया में हुआ था। इसमें 8 टीमों ने हिस्सा लिया था। पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब ऑस्ट्रेलिया ने ज्यॉफ पार्कर की कप्तानी में फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर जीता था। 471 रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलिया के ब्रेट विलियम्स टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन स्कोरर रहे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के वेन होल्ड्सवर्थ और पाकिस्तान के मुश्ताक अहमद 19 विकेट के साथ सबसे कामयाब गेंदबाज रहे।

1998 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-इंग्लैंड

दूसरे अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन 1998 में साउथ अफ्रीका में हुआ था। इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। दूसरे अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जेरोर्ड एंगलेफील्ड की कप्तानी में इंग्लैंड ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर जीता था। 364 रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के क्रिस गेल सबसे कामयाब बल्लेबाज रहे जबकि वेस्टइंडीज के ही रामनरेश सरवन और जिम्बाब्वे के म्लूलेकी एनकाला 16 विकेट लेकर सबसे कामयाब गेंदबाज रहे।

2000 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-भारत

तीसरे अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन 2000 में श्रीलंका में हुआ था। इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। मोहम्मद कैफ की कप्तानी में खेलते हुए भारत ने फाइनल में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। 348 रन बनाकर साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ टॉप रन स्कोरर रहे जबकि 15 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के जाहिद सईद और भारत के युवराज सिंह सबसे कामयाब गेंदबाज रहे।

2002 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-ऑस्ट्रेलिया

2002 अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन न्यूजीलैंड में हुआ था और इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। कैमरून वाइट की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर दूसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया था। ऑस्ट्रेलिया के कैमरून वाइट 423 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे कामयाब बल्लेबाज रहे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के जेवियर डोहार्टी 16 विकेट लेकर सबसे कामयाब गेंदबाज रहे।

2004 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-पाकिस्तान

पांचवें अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन बांग्लादेश में हुआ था और इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया था। खालिद लतीफ की कप्तानी में पाकिस्तान ने फाइनल में वेस्टइंडीज को 25 रन से हराकर पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया के कैमरून वाइट 423 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे कामयाब बल्लेबाज रहे। वहीं ऑस्ट्रेलिया के जेवियर डोहार्टी 16 विकेट लेकर सबसे कामयाब गेंदबाज रहे। भारत के शिखर धवन 505 रन बनाकर मैन ऑफ द टूर्नामेंट और सबसे कामयाब बल्लेबाज रहे। 22 विकेटों के साथ बांग्लादेश के इमानुक हक सबसे कामयाब गेंदबाज रहे।

2006 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-पाकिस्तान

2006 अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन श्रीलंका में हुआ था। इस वर्ल्ड कप में भी 16 टीमें खेली थीं। सरफराज अहमद की कप्तानी में पाकिस्तान ने फाइनल में भारत को 33 रन से हराकर लगातार दूसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इस वर्ल्ड कप में जिन खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी, उनमें ऑस्ट्रेलिया के मोइजेज हेनरिक्स और भारत के चेतेश्वर पुजारा (सबसे कामयाब बल्लेबाज), रोहित शर्मा और लेग स्पिनर पीयूष चावला शामिल थे।

2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-भारत

2008 में अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन पहली बार एसोसिएट देश (मलेशिया) में हुआ था। इस टूर्नामेंट में भी 16 टीमें शामिल हुई थीं। विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में महज 159 रन पर सिमटने के बावजूद वर्षा प्रभावित मैच में साउथ अफ्रीका को 12 रन से मात देते हुए दूसरी बार अंडर-19 का खिताब जीत लिया था। न्यूजीलैंड के टिम साउदी मैन ऑफ टूर्नामेंट रहे।

2010 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-ऑस्ट्रेलिया

2010 अंडर-19 वर्ल्ड का आयोजन न्यूजीलैंड में हुआ था और इसमें भी 16 टीमों ने भाग लिया था। मिशेल मार्श की कप्तानी में खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में पाकिस्तान को 25 रन से हराकर तीसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया था।

2012 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-भारत

2012 अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन ऑस्ट्रेलिया में हुआ था और इसमें भी 16 टीमें खेली थीं। कप्तान उन्मुक्त चंद के नाबाद शतक की मदद से फाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराकर तीसरी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत लिया था।

2014 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-साउथ अफ्रीका

2014 अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन दुबई (यूएई) में हुआ था। ऐडन मार्कराम की कप्तानी में खेलते हुए साउथ अफ्रीका ने एकतरफा फाइनल में पाकिस्तान को 131 रन पर समेटते हुए 6 विकेट से मैच जीतते हुए पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत लिया था। कप्तान मार्कराम मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे।

2016 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-वेस्टइंडीज

2016 अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन बांग्लादेश में हुआ था। शिमरोन हेटमायेर की कप्तानी में खेलते हुए वेस्टइंडीज ने फाइनल में भारत को 5 विकेट से हराकर पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे जबकि इंग्लैंड जैक बर्नहम और नामीबिया के फ्रिट्ज कोएत्जी क्रमश टूर्नामेंट के सबसे कामयाब बल्लेबाज और गेंदबाज रहे थे।

2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-भारत

2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन न्यूजीलैंड में हुआ था। पृथ्वी शॉ की कप्तानी में फाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से हुआ था, जिसमें भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर चौथी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। शुभमन गिल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। इस टीम के कोच राहुल द्रविड़ थे, जो बाद में सीनियर टीम इंडिया के भी कोच बने।

2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-बांग्लादेश

2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप का आयोजन साउथ अफ्रीका में हुआ था। प्रियम गर्ग की कप्तानी में खेल रही भारतीय टीम को फाइनल में 3 विकेट से हराकर बांग्लादेश ने पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत लिया था। 400 रन बनाने वाले भारत के यशस्वी जायसवाल सबसे कामयाब बल्लेबाज और 17 विकेट लेने वाले रवि बिश्नोई सबसे कामयाब गेंदबाज रहे थे।

2022 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता-भारत

अंडर-19 वर्ल्ड कप के 14वें संस्करण का आयोजन वेस्टइंडीज में हुआ था। यश धुल की कप्तानी में खेलते हुए फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार अंडर-19 वर्ल्ड का खिताब जीत लिया था। 506 रन बनाकर साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस टूर्नामेंट के बसे कामयाब बल्लेबाज रहे थे जबकि 17 विकेट लेने वाले श्रीलंका के दुनिथ वेल्लालागे सबसे सफल गेंदबाज रहे थे।

2024 अंडर-19 वर्ल्ड कप: विजेता- ऑस्ट्रेलिया

अंडर-19 वर्ल्ड कप के 15वें संस्करण का आयोजन साउथ अफ्रीका में हुआ। फाइनल में पांच बार के चैंपियन भारत को 79 रन से मात देते हुए ऑस्ट्रेलिया ने चौथी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। 397 रन बनाकर भारत के उदय सहारन टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं 21 विकेट लेने वाले और टूर्नामेंट के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे साउथ अफ्रीका के क्वेना मफाका मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *